चमोली जिले के तपोवन में एनटीपीसी के बैराज साइड में लेपर्ड दिखाई दिया, जिसके बाद से यहां स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। इस पर नंदा देवी राष्टीय पार्क के वन क्षेत्राधिकारी गौरव नेगी ने बताया कि लेपर्ड को ट्रेस करने के लिए ट्रैप कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे पता लग सके कि लेपर्ड है या स्नो लैपर्ड। वहीं दूसरी तरफ श्रीनगर गढ़वाल में लोगों को गुलदार की दहशत से निजात नहीं मिल पा रही है। शहर की आबादी वाले क्षेत्रों में गुलदार की धमक ने लोगों की परेशानी बढ़ा रखी है। स्थिति यह है कि शाम होते ही लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। बुधवार रात आंचल डेयरी के पास गुलदार ने स्कूटी सवार पर झपटा मारने की कोशिश की। स्कूटी सवार ने बमुश्किल भागकर जान बचाई।