कोंडागांव जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। हादसा फरसगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर जुगानी पेट्रोल पंप के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, ऑटो में सवार लोग फरसगांव से कोंडागांव एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार कार ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो में सवार सभी लोग घायल हो गए और एक 15 वर्षीय छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, कार चालक लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था, जिससे यह हादसा हुआ। मृतक छात्र एक सिंगल मदर का इकलौता बेटा था, जिसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घायल लोगों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, वहीं मृत छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए कोंडागांव चीरघर लाया गया है। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।