कोरिया जिले से स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। पटना तहसील के ग्राम टेंगनी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भवन की छत का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के समय केंद्र में इलाज कराने आई एक गर्भवती महिला के साथ मौजूद उसकी 5 वर्षीय बच्ची के सिर पर छत का मलबा गिरने से वह घायल हो गई। घटना के बाद स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद लोगों ने तुरंत बच्ची को बाहर निकाला और उसका प्राथमिक उपचार कराया। राहत की बात यह रही कि बच्ची की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है। इस घटना ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की जर्जर भवन स्थिति और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि भवन में पहले से दरारें थीं, इसके बावजूद यहां मरीजों का इलाज जारी रखा गया। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं तथा जर्जर भवन के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही कैसे तय की जाती है।