जिला स्तरीय संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह में 60 अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। महासमुंद जिले को बेहतर प्रदर्शन के लिए सिल्वर मेडल से नवाजा गया है। यह सम्मान जिला स्तरीय संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह में दिया गया। समारोह में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने आकांक्षा हाट का शुभारंभ किया, जो एक सप्ताह तक चलेगा। आकांक्षा हाट में जिले की 39 महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री के लिए 13 स्टॉल लगाए गए हैं। विधायक सिन्हा ने विभिन्न स्टॉलों में महिला समूहों के उत्पादों का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया। पिथौरा ब्लॉक ने 6 संकेतांक में से 5 संकेतांकों को पूर्ण कर लिया है, जिसमें डायबिटीज और हाइपरटेशन की स्क्रीनिंग, गर्भवती महिलाओं का एएनसी जांच, पोषण आहार का वितरण और स्वॉयल हेल्थ कार्ड के माध्यम से कार्ड जनरेट करना शामिल है।आकांक्षी जिला के नोडल अधिकारी जिला पंचायत के सीईओ एस. आलोक और जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंद्रप्रकाश मनहर को सिल्वर मेडल से नवाजा गया। इसके अलावा 60 अधिकारी-कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।