छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले की नैला चौकी पुलिस ने महज सात दिन में ही 10 लाख की सनसनीखेज लूट का पर्दाफाश कर दिया है। इस बड़ी सफलता में पुलिस ने मास्टरमाइंड नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई पूरी रकम 10 लाख 44 हजार रुपए नगद बरामद कर ली है। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और हथियार भी जब्त किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने बताया कि 6 सितंबर की रात व्यापारी अरुण कुमार अग्रवाल अपने दुकान से स्कूटी पर रकम लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान नकाबपोश दो बदमाशों ने चाकू की नोक पर उनसे भरा हुआ बैग लूट लिया और फरार हो गए। जांच के दौरान पुलिस को शक हुआ कि व्यापारी की दुकान में काम करने वाला 17 वर्षीय नाबालिग बालक घटना से पहले लगातार मोबाइल पर बात कर रहा था। पूछताछ में उसने कबूल किया कि लूट की साजिश करीब 17 दिन पहले रची गई थी।