फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोटमीकला हत्याकांड का खुलासा: जीपीएम में सर्राफा व्यापारी की हत्या कर लूटा था बैग, तीन आरोपी गिरफ्तार

Tue, 02 Jun 2026 10:05 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के बहुचर्चित कोटमीकला सर्राफा व्यापारी हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, लूटे गए आभूषण और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले का खुलासा मंगलवार को जीपीएम पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में किया।

जानकारी के अनुसार, 26 मई 2026 को पेंड्रा थाना क्षेत्र के कोटमीकला साप्ताहिक हाट बाजार में सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद आरोपी सोना-चांदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए थे। घटना से पूरे जिले में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल का गठन कर तकनीकी साक्ष्यों, साइबर विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की सहायता से जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर मुख्य आरोपी खुशीराम साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने भतीजे राजाराम साहू तथा झारखंड और बिहार के कुछ साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी 23 मई को ही क्षेत्र में पहुंच गए थे और साप्ताहिक बाजारों में सर्राफा व्यापारियों की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। उन्होंने पहले से ही लूट की योजना बनाई थी।

पुलिस के अनुसार, 26 मई की शाम करीब सात बजे आरोपियों ने प्रदीप सोनी से सोना-चांदी से भरा बैग लूटने का प्रयास किया। व्यापारी द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपियों ने छीना-झपटी के दौरान अवैध हथियार से गोली चला दी। गोली लगने से प्रदीप सोनी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

वारदात के बाद आरोपी देवरीखुर्द क्षेत्र पहुंचे और लूटे गए आभूषणों का आपस में बंटवारा कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर टेकरी क्षेत्र के बोदराटोला से घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस तथा लूटे गए आभूषणों का हिस्सा बरामद किया है। जांच में यह भी पता चला कि आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से आभूषणों की पैकिंग सामग्री और डिब्बों को जला दिया था।

पुलिस ने इस मामले में खुशीराम साहू, राजाराम साहू और गया प्रसाद रजक को गिरफ्तार किया है। वहीं, झारखंड निवासी अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस कार्रवाई में जिला पुलिस, साइबर सेल, बिलासपुर विशेष दल तथा विभिन्न पुलिस इकाइयों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें