फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Dhamtari News: आधी रात घर में घुसा तेंदुआ, दो लोगों पर हमला कर किया घायल; रेस्क्यू के दौरान तेंदुआ का मिला शव

Sat, 01 Aug 2026 03:20 PM IST
धमतरी ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, धमतरी

धमतरी जिले के नगरी विकासखंड से लगे ग्राम कर्राघाटी में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात तेंदुए के हमले से दहशत फैल गई। रात करीब 2 से 3 बजे के बीच एक तेंदुआ गांव में घुसकर एक मकान के अंदर पहुंच गया, जहां उसने सो रहे दो ग्रामीणों पर हमला कर दिया।

जानकारी के अनुसार, हमले में धरम नेताम और गांधीराम घायल हो गए। दोनों ने किसी तरह अपनी जान बचाई, लेकिन तब तक तेंदुए के हमले में वे घायल हो चुके थे। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और तुरंत एंबुलेंस की सहायता से दोनों को नगरी सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही नगरी पुलिस और वन विभाग की टीम गांव पहुंची और तेंदुए की तलाश शुरू की। सर्च अभियान के दौरान तेंदुआ अंजोर सिंह नेताम के घर के भीतर मृत अवस्था में मिला। इसके बाद वन विभाग ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया।

वन विभाग ने घायल ग्रामीणों को तत्काल राहत राशि भी प्रदान की। धरम नेताम को 5 हजार रुपये और गांधीराम को 1 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। फिलहाल तेंदुए की मौत कैसे हुई, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। वन विभाग ने शव का पोस्टमार्टम कराने और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने की बात कही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही तेंदुए की मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी।

घटना के बाद कर्राघाटी गांव सहित आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और किसी भी वन्यजीव की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है।  

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें