सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड स्थित ग्राम पंचायत पुहपुटरा के आश्रित ग्राम चिलबिल पंडोपारा में सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया। बदहाल और कीचड़ से लबालब सड़क पर धान की पौध रोपकर ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन का ध्यान अपनी समस्या की ओर खींचने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव को पक्की सड़क से जोड़ने की मांग पिछले करीब दस वर्षों से की जा रही है, लेकिन आज तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई। उनका आरोप है कि चुनाव के समय सड़क निर्माण के बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही जनप्रतिनिधि गांव की समस्याओं को नजरअंदाज कर देते हैं। बारिश के दिनों में सड़क की हालत और अधिक खराब हो जाती है। कीचड़ और गहरे गड्ढों के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो जाता है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दैनिक आवाजाही करने वाले ग्रामीणों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ती है। वहीं, गंभीर रूप से बीमार मरीजों और गर्भवती महिलाओं को समय पर अस्पताल पहुंचाना भी चुनौती बन जाता है, क्योंकि एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती। ऐसे में मरीजों को खाट के सहारे मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि चिलबिल पंडोपारा में विशेष पिछड़ी पंडो जनजाति के परिवार निवास करते हैं, लेकिन आज भी गांव में सड़क, नाली और स्वच्छ पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।