एडीजीपी वाई पूरण कुमार की आत्महत्या के मामले में विवाद का पटाक्षेप न होता देख 17 अक्तूबर को सोनीपत में होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली स्थगित कर दी गई। भाजपा के संगठन मंत्री फणींद्रनाथ शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री की रैली की नई तारीख का जल्द एलान किया जाएगा। इससे पहले सोमवार को सातवें दिन भी पूरण कुमार के शव के पोस्टमार्टम पर परिवार ने सहमति नहीं दी। परिजन डीजीपी शत्रुजीत कपूर और रोहतक के पूर्व एसपी नरेंद्र बिजारणिया की गिरफ्तारी पर अड़े हुए हैं। वहीं, हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) शत्रुजीत कपूर को छुट्टी पर भेज दिया गया है। वहीं दूसरी तरफ हरियाणा के डीजीपी बदल दिए गए हैं। आईपीएस ओमप्रकाश सिंह को नया कार्यकारी डीजीपी नियुक्त किया गया है। ओमप्रकाश दिवंगत अदाकार सुशांत सिंह राजपूत के जीजा हैं। इससे पहले सरकार ने देर रात डीजीपी शत्रुजीत कपूर को लंबी छुट्टी पर भेज दिया था। राहुल गांधी चंडीगढ़ पहुंच गए हैं। भूपेंद्र सिंह हुड्डा और अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग राहुल गांधी को रिसीव करने चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचे। राहुल एयरपोर्ट से सीधे सेक्टर 24 एडीजीपी निवास के लिए रवाना हुए।