कार सवार युवकों ने डॉक्टर की पत्नी और बच्चों से अभद्रता कर दी। विरोध करने पर युवकों ने मारपीट करते हुए तमंचा तान दिया, जिससे महिला और बच्चों के होश उड़ गए। वह किसी तरह अपने घर पहुंचे। कार सवार यहां भी पीछे-पीछे आ गए और घर में घुसकर जान से मारने की धमकी दी। शोर मचाने पर लोगों को आते देख युवक मौके से भाग निकले। पुलिस ने डॉक्टर की तहरीर पर चार युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मूल रूप से मंगलौर के टिकौला गांव निवासी डॉ. रविंद्र कुमार वर्तमान में यहां गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित आर्य विहार गणेशपुर में परिवार के साथ रहते हैं। डॉ. रविंद्र कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बुधवार देर शाम बच्चों के साथ उनकी पत्नी पड़ोसी महिला से मिलकर घर लौट रही थीं। इस बीच पीछे से आए कार सवार चार युवकों ने पत्नी और बच्चों के साथ अभद्रता कर दी। आरोप है कि विरोध करने पर युवकों ने गालीगलौज करते हुए मारपीट कर दी। इतना ही नहीं, एक युवक ने पत्नी और बच्चों पर तमंचा भी तान दिया। इससे वे घबरा गए और किसी तरह जान बचाकर घर पहुंचे।
आरोप है कि कार सवार युवक भी पीछे-पीछे आ गए और जबरन घर में घुस आए। शोर मचाने पर युवकों ने जान से मारने की धमकी दी। घबराए बच्चों ने शोर मचाया तो आसपास के लोगों को आते देख युवक जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। कोतवाली प्रभारी ऐश्वर्य पाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर राहुल, रोहित निवासी रुड़की और दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है।