किच्छा में विधायक राजेश शुक्ला का स्वागत करते भाजपाई
- फोटो : KITCHHA
किच्छा। नगर के प्राग फार्म में ऋषिकेश एम्स के सेटेलाइट सेंटर की घोषणा की खबर से क्षेत्रवासी उत्साहित हैं। नगरवासियों ने सरकार के इस कदम की सराहना की है और स्वास्थ्य के क्षेत्र में इसे एतिहासिक कदम बताया है। उधर, कांग्रेसियों का कहना है कि अगर फैसला धरातल पर उतरता है तो इसका स्वागत करते हैं लेकिन इसमें संशय है क्योंकि ये घोषणा महज चुनावी हथकंडा बनकर न रह जाए।
इंस्टिटयूट आफ सोशल डेवलेपमेंट अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव ने कहा है कि एम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थान होने से जहां एक तरफ उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधा एक सामान्य व्यक्ति के पहुंच में हो जाएगी। एम्स स्थापित होने से नगर में विकास की बयार बहेगी। नगर के वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डा. एसके अरोरा ने कहा है कि क्षेत्र में एम्स की घोषणा स्वागत योग्य है।
इसके बन जाने का लाभ सिर्फ किच्छा की जनता को नही बल्कि नैनीताल, चम्पावत, पिथौरागड़, अल्मोड़ा, बरेली, रामपुर, पीलीभीत के अलावा साथ लगते अन्य जिलों के नागरिकों को भी मिलेगा। इसके बन जाने से निश्चित रूप से अभी तक विकास की दौड़ में अन्य नगरों से पिछड़ चुके हमारे शहर को लाभ मिलेगा। उधर, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता संजीव कुमार सिंह ने कहा कि भाजपा की घोषणाएं पिछले पांच साल से सिर्फ कोरी साबित हुई हैं। किसी भी घोषणा का अभी तक शिलान्यास नहीं किया गया।
चाहे कलकत्ता कारीडोर हो या एयरपोर्ट की घोषणा हो। पिछले पांच सालों से स्थानीय जनप्रतिनिधि व मुख्यमंत्री अपने भाषणों से वाहवाही लूट कर सुर्खियां तो बटोर रहे हैं लेकिन किसी भी काम को अभी तक धरातल पर नही देखा जा रहा। चुनावी वर्ष में अगर एम्स की घोषणा की गई है तो यह चुनावी लाभ लेने के लिये की गई है क्योंकि चुनाव में सिर्फ कुछ ही समय बचा है।