पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के काफिले को रोकने वाले ग्रामीणों पर मुकदमा दर्ज होने से चौबट्टाखाल क्षेत्र के कांग्रेसियों में उबाल है। क्षेत्र के कांग्रेसियों ने ग्रामीणों पर दर्ज मुकदमा वापस लेने की मांग करते हुए चौबट्टाखाल में प्रदर्शन किया और डीएम को ज्ञापन भेजा।
प्रदेश कांग्रेस सचिव कविंद्र इष्टवाल के नेतृत्व में मंगलवार को कांग्रेसियों ने डिग्री कॉलेज से तहसील परिसर तक रैली निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेसियों ने राज्य सरकार और मंत्री सतपाल महाराज के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। तहसील पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने तहसीलदार श्रेष्ठ गुणसोला के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन प्रेषित किया। कांग्रेसियों ने कहा कि मंत्री सतपाल महाराज के क्षेत्र भ्रमण के दौरान एकेश्वर विकासखंड में संतूधार-किरखू मोटर मार्ग पर भंडाली एवं सिरुण्ड गांव की कुछ महिलाओं एवं पुरुषों ने उनके काफिले को रोक लिया था, जिससे खफा होकर मंत्री ने अपने पीआरओ के माध्यम से ग्रामीणों पर मुकदमा दर्ज करवा दिया। कांग्रेसियों ने कहा कि स्थानीय ग्रामीणों पर मुकदमा दर्ज करवाना यह दर्शाता है कि मंत्री तानाशाही पर उतरकर लोकतंत्र की हत्या कर रहे हैं, जिसका हर स्तर पर विरोध किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों में पूर्व प्रमुख पोखड़ा सुरेंद्र सिंह रावत, पोखड़ा कांग्रेस मंडल अध्यक्ष अरुणोदय बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य अजय सिंह, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य लाल सिंह भंडारी, यूथ कांग्रेस पोखड़ा ब्लॉक अध्यक्ष सुशील सुंद्रियाल, अमरदीप सिंह, विमल सिंह, विक्की ममगाईं, विनोद सिंह आदि मौजूद थे।