पत्रकारों से वार्ता करते शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के पदाधिकारी ।
- फोटो : HARIDWAR
शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के प्रदेश अध्यक्ष जगजीत सिंह जग्गा ने कहा कि घरना स्थल गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी नहीं हो सकता है। कुछ लोग ऐसे घोषणा करके समाज को गुमराह करने का काम कर रहे हैं, क्योंकि दस्तावेजों में गुरुद्वारा हरकी पैड़ी के पास ही है न कि प्रेमनगर आश्रम घाट के पास। इसकी शिकायत पार्टी हाईकमान और अकाल तख्त से की जाएगी।
मध्य हरिद्वार स्थित एक होटल में पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक व धरना स्थल सिख समाज के कुछ लोगों ने सोमवार को प्रेमनगर आश्रम घाट के पास श्री गुरु नानक घाट का लोकार्पण किया है। उन्होंने कहा कि घाट के पास ही गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी को लेकर चल रहे धरने वाले स्थान को ही मदन कौशिक व कमेटी के कुछ लोगों ने गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी घोषित कर दिया। इसकी जानकारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर जारी की है। जिससे सिख समाज में रोष व्याप्त है।
उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी का मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है, लेकिन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और कमेटी के कुछ लोग अपने आप को हाईकोर्ट से भी बड़ा समझकर घोषणा कर रहे हैं। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि दस्तावेजों में गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी हरकी पैड़ी के पास ही है। प्रेम नगर आश्रम घाट के पास नहीं है। प्रेमनगर के पास केवल गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी के लिए धरना दिया जा रहा है। इस मौके पर मंजीत सिंह, रविंद्र सिंह, सुमित शर्मा, प्रमोद शर्मा आदि मौजूद रहे।