जेल से बनारस के व्यापारी को फोन पर धमकी देने के आरोपित सपा सरकार में खनन मंत्री रहे गायत्री प्रसाद प्रजापति के लिए कोर्ट से जारी वारंट बी लखनऊ जेल में तामील कराया गया। अब जल्द ही गायत्री को लखनऊ से न्यायिक अभिरक्षा में लाकर वाराणसी के कोर्ट में पेश किया जाएगा। साथ ही गायत्री के खिलाफ दशाश्वमेध थाने में दर्ज रंगदारी के मुकदमे की चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की जाएगी।
विज्ञापन
दशाश्वमेध थाने में बीते 30 जून को गायत्री के खिलाफ जंगमबाड़ी निवासी फर्नीचर व्यापारी की तहरीर पर रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज किया गया था। प्रकरण में पुलिस ने लखनऊ से अभिषेक तिवारी और मान सिंह रावत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था और गायत्री के खिलाफ अब तक कार्रवाई नहीं की जा सकी थी।
इस संबंध में एसपी क्राइम ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद ने बताया कि वारंट बी लखनऊ जेल में तामील करा दिया गया है। विवेचक जल्द ही विवेचना पूरी कर कोर्ट में चार्जशीट दाखिल करेंगे। उधर, पूरे प्रकरण की जांच कर रहे एसपी ग्रामीण अमित कुमार ने बताया कि प्रकरण से जुड़े तीनों विवेचकों और पर्यवेक्षण अधिकारियों का बयान लेकर वो जल्द ही रिपोर्ट एसएसपी को सौप देंगे।