बृजेश कुमार सिंह उर्फ प्रिंसू का कार्यालय
- फोटो : अमर उजाला
विधानसभा चुनाव के बाद अब स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चुनाव की बारी है। जौनपुर स्थानीय प्राधिकरण निर्वाचन क्षेत्र से वर्तमान समय में बृजेश कुमार सिंह उर्फ प्रिंसू एमएलसी हैं। प्रिंसू को पूर्व सांसद बाहुबली धनंजय सिंह का करीबी बताया जाता है।
बृजेश सिंह के साथ हाल के दिनों में पूर्व सांसद धनंजय सिंह कई मौकों पर नजर आए हैं, जिनके पूरे चुनाव में एमएलसी दिन-रात एक करते नजर आए थे। ऐसे में यह चुनाव भी काफी रोचक होने की संभावना है। प्रिंसू ने निर्दल प्रत्याशी के तौर पर इस बार नामांकन पत्र लिया था।
सोमवार सुबह भाजपा प्रत्याशी घोषित होते ही बृजेश कुमार सिंह उर्फ प्रिंसू के कार्यालाय और आवास पर बैनर, पोस्टर और झंडे बदलने का काम शुरू हो गया। इधर, इस खबर के बाद से जिले का राजनीतिक पारा चढ़ गया है।
धनंजय सिंह के बगल में खड़े बृजेश सिंह प्रिंसू
- फोटो : अमर उजाला
अंदरखाने से खबर है कि विपक्षी पार्टियों के साथ भाजपा के कुछ नेताओ में भी हड़कंप मच गया है। 2016 में हुए एमएलसी के चुनाव में बृजेश सिंह ने बसपा से ही जीत दर्ज की थी। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा के लल्लन प्रसाद यादव को हराया था। बृजेश सिंह को 1765 वोट मिले थे। वहीं लल्लन यादव को 978 वोट मिले थे। मगर, बाद में बृजेश सिंह प्रिंसू ने बसपा छोड़ दिया था। एमएलसी बनने से पहले प्रिंसू करंजाकला के ब्लॉक प्रमुख रहे हैं।
बलिया में एमएलसी चुनाव दिलचस्प होने के आसार हैं। भाजपा ने वर्तमान एमएलसी व पूर्व पीएम चंद्रशेखर के पौत्र रविशंकर सिंह पप्पू को ही प्रत्याशी बनाया है। रविशंकर सिंह उर्फ पप्पू तीन बार से बलिया से एमएलसी हैं। हर बार उनके दल अलग रहे हैं। इस दफा विधानसभा चुनाव से पहले ही सपा से पाला बदल कर भाजपा में आ गए थे। इस बार उनके सामने समाजवादी पार्टी के युवा चेहरे अरविंद गिरी हैं। बलिया से भाजपा और सपा की ओर से प्रत्याशी घोषित होने के बाद से जनपद का राजनीतिक तापमान बढ़ा हुआ है। दोनों ही दलों के प्रत्याशी आज अपना नामांकन करेंगे।