काशी गोमती संयुत ग्रामीण बैंक की खाखोपुर शाखा में मंगलवार की दोपहर नकाबपोश बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत फैला दी और कैश काउंटर से दो लाख 60 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। बाइक से भाग रहे बदमाशों का ग्रामीणों ने पीछा किया तो उन्होंने फिर फायरिंग की।
आईजी रेंज दीपक कुमार, एसपी शैलेश पांडेय मौके पर पहुंचे और पूरे जिले में नाकेबंदी कराकर वाहन चेकिंग कराई, लेकिन बदमाशों का पता नहीं चला।
काशी गोमती संयुत ग्रामीण बैंक की खाखोपुर शाखा में मंगलवार की दोपहर सवा एक बजे 25 ग्राहक मौजूद थे।
तभी एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाश पहुंचे। तीनों एक साथ बैंक में असलहे के साथ दाखिल हुए। दो बदमाश हवा में अंधाधुंध फायरिंग करते काउंटर से छलांग लगाकर अंदर कैशियर के पास पहुंच गए जबकि तीसरा बदमाश असलहा लेकर गेट पर खड़ा हो गया।
अंदर बदमाशों ने सभी को जमीन पर बैठ जाने के लिए कहा। प्लास्टिक की बोरी लेकर आए बदमाशों ने कैश काउंटर से सारे रुपये समेट लिए और बाहर निकल कर बाइक पर सवार होकर हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए।