यूपी के गाजीपुर के शेरपुर कला गांव के पूर्वी छोर स्थित उपटा गांव के बाहर शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक के सिर में गोली लग गई। सूचना पर पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां से वाराणसी रेफर कर दिया गया। घटना के पीछे युवती से छेड़खानी करने की चर्चा है। हालांकि युवक को गोली कैसे लगी, यह बताने को कोई तैयार नहीं है।
घायल युवक के पिता की तहरीर पर गांव की एक युवती के खिलाफ पुलिस ने हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया। शेरपुर कला निवासी नारद यादव (40) शुक्रवार को गांव से बाहर कहीं जा रहा था। इसी बीच किसी ने पीछे से सिर में गोली मार दी। नारद लहूलुहान होकर गिर पड़े।
सूचना पर घर वाले पहुंचे और जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भेजवाया। वहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया। गोली क्यों, कैसे और किसने चलाई? यह पता नहीं चल पाया है।
हालांकि घायल युवक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने एक युवती के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मामले में मुहम्मदाबाद सीओ अनिल राय ने बताया कि पीड़ित के घर वालों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। प्रथम दृष्टया छेड़खानी का मामला प्रकाश में नहीं आया है। पुलिस सभी बिंदुओं पर तफ्तीश कर रही है।