यूपी विधानसभा चुनाव 2022 : रोडवेज बस स्टैंड पर चाय पर चर्चा करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
राजेश सक्सेना ने सपा, भाजपा और बसपा तीनों सरकारों को ही कटघरे में खड़ा कर दिया। कहा कि तीनों पार्टियों की सरकारों ने बदायूं में कोई विकास नहीं किया। यहां के हालात एनसीआर की गांवों से भी बदतर हैं। शिक्षा की व्यवस्था, चिकित्सा व्यवस्था ठीक नहीं है। जिला अस्पताल में कोई डॉक्टर नहीं है। यहां के नेता जनता के मुद्दे नहीं उठाते हैं। चीनी मील बंद पड़ी हुई है, लगातार उसे खोलने की मांग हुई। भाजपा सरकार ने किसानों की आमदनी दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन किसान आज पहले से ज्यादा परेशान है।
शैलेंद्र मोहन शर्मा ने राजेश के दावों को गलत बताया। कहा कि बदायूं में बदलाव की शुरूआत हो चुकी है। आजादी के 70 साल बाद भी यहां 18 गांव अंधेरे में रहते थे। इन गांवों में बिजली व्यवस्था नहीं थी। आज सभी गांवों में भी बिजली व्यवस्था हो गई है। अस्पताल में पहले सिटी स्कैन, बच्चों के लिए कंगारू आईसीयू नहीं था। आज ये सुविधाएं भी हैं।
गुलशन कुमार ने कहा कि पहले के मुकाबले इस सरकार में काफी विकास कार्य हुए हैं। चौराहों का सौंदर्यीकरण हुआ है। साफ-सफाई की व्यवस्था हुई है। पीएम मोदी और योगी की सरकार में बहुत काम हुआ है। चाय की दुकान चलाने वाले राकेश ने कहा कि बदायूं में कोई काम नहीं हुआ है। शहर में गंदगी है। ट्रैफिक व्यवस्था खराब है। गुलजार ने कहा कि बारिश के दौरान यहां सड़कें बेहाल हो जाती हैं। जलभराव की दिक्कत है। गंदगी बहुत है।
उत्तरप्रदेश चुनाव 2022, बदायूं
- फोटो : अमर उजाला
महेश सक्सेना ने कहा कि बदायूं की सड़कें बेहाल है। कूड़े के ढेर हर जगह मिल जाएंगे। गलियों में गड्डे ज्यादा हैं। सचिन मौर्या ने कहा कि यहां सड़कें अभी चुनाव के वक्त बनाई जा रही है। इससे पहले यहां बड़े-बड़े गड्डे हुआ करते थे। सदाकत ने कहा कि साढ़े चार साल में यहां भाजपा सरकार सड़कें नहीं बना पाई। नवनीत गुप्ता ने कहा कि बदायूं जनपद को बहुत बड़े-बड़े पद मिले, लेकिन यहां इच्छाशक्ति की कमी थी। बहुत से काम पहले हो जाने थे। अभी चुनाव के समय ज्यादा काम हो रहे हैं।
अमन ने कहा कि सपा सरकार में बना फ्लाईओवर आज एक्सीडेंट जोन बन चुका है। इसके उलट आज भाजपा सरकार में तेजी से काम हो रहा है। सड़कें चौड़ी हो गईं हैं। चौराहे सुंदर हो गए हैं। साफ-सफाई की व्यवस्था पर आम लोगों को भी सहयोग करने की बात कही।
एक अन्य अमन कुमार ने सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। कहा कि कमीशनखोरी करके सड़कें बनती हैं। चेतन प्रकाश ने कहा कि बदायूं में सपा सरकार आनी चाहिए। भाजपा सरकार में कोई काम नहीं हुआ है।
उत्तर प्रदेश चुनाव बदायूं
- फोटो : अमर उजाला
मजदूरी करने वाले इस्लाम ने कहा कि वह योगी सरकार के कामकाज से खुश हैं। कहा कि इस सरकार ने बहुत कुछ काम किया है। पूरे कोरोनाकाल में गरीबों को मुफ्त में राशन दिया। किसानों की स्थिति पहले से बेहतर हुई है। हालांकि, इस्लाम ने अफसरों पर काम में कोताही का आरोप लगाया। कहा कि अफसर सरकारी योजनाओं को आम लेागों तक नहीं पहुंचने दे रहे हैं।
प्याऊ पर ठन गए समर्थक
शहर में आम लोगों के लिए प्याऊ की व्यवस्था पर समाजवादी पार्टी और भाजपा के समर्थक आपस में ही ठन गए। सपा समर्थक जावेद फारूकी ने कहा कि समाजवादी सरकार में शहर के अलग-अलग इलाकों में प्याऊ लगाए गए थे, भाजपा सरकार ने हटा दिया। इसपर भाजपा समर्थक शैलेंद्र मोहन ने सपा पर पलटवार किया। कहा कि प्याऊ लगवाने के अगले ही दिन ही सपा के नेता सारी मशीन खोल ले गए थे। इसके सबूत भी हैं।