जिला अस्पताल की ओपीडी में डाक्टर के कक्ष में लगी मरीजों की भीड़। संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव/औरास। बुखार से युवक की मौत हो गई। जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में हुई जांच में टायफाइड के 12 मरीज मिले हैं। बुखार के सात मरीजों की डेंगू जांच के लिए सैंपल लखनऊ भेजे गए हैं। गंभीर दो मरीजों को इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है।
गांव खड़वल निवासी रोहित उर्फ राहुल (20) को 15 दिन से बुखार आ रहा था। परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। हालत में सुधार न देख शहर के नर्सिंगहोम ले गए। वहां तीन दिन इलाज चला, लेकिन हालत और बिगड़ गई। फिर लखनऊ के अस्पताल लेकर गए। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में बुधवार को बुखार पीड़ित 63 लोगों ने जांच कराई। इसमें 12 मरीजों में टाइफाइड की पुष्टि हुई। जिले में अब तक 184 लोग टाइफाइड से पीड़ित मिले हैं। बंदूहार निवासी जितेंद्र गुप्ता(35), पुरवा के प्रताप सिंह, (46), हिरननगर के भुल्लन दुबे (44), नीलम सिंह (32), पुरवा के भूलेमऊ की रेखा (45), मगरवारा के दयाराम (75) व बीघापुर के कटरा दीवानखेड़ा सुरेंद्र कुमार (48) के सैंपल डेंगू जांच के लिए लखनऊ भेजे गए।
जिले के विभिन्न ब्लॉकों में महिला सिपाही सहित 30 मरीजों में डेंगू की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम मंगलवार को घर-घर पहुंच जांच की। पांच मरीजों को भर्ती कराया गया। शेष 25 मरीजों का इलाज घर पर ही किया जा रहा है। मरीज के पास बने 50 घरों में रहने वाले लोगों की भी जांच की गई। एंटी लार्वा का छिड़काव कराने के साथ दवा का वितरण हुआ।