उन्नाव। खरीफ में खाद की आपूर्ति और वितरण की निगरानी के लिए कंट्रोलरूम खोला गया है। इसमें कृषि विभाग के कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है। सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक किसान 7753880500 नंबर पर खाद की जमाखोरी और कालाबाजारी की शिकायत कर सकते हैं। डीएम रवींद्र कुमार ने थोक व फुटकर विक्रेताओं को जमाखोरी व कालाबाजारी पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
डीएम ने कहा कि किसानों को पीओएस मशीन के माध्यम से खाद दी जाए। खाद के साथ अन्य उत्पादों की टैगिंग न की जाए। किसानों को बिक्री के बाद रसीद भी दी जाए। थोक व फुटकर दुकानदारों को निर्देश दिए कि जनपद में खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी एवं अन्य जिलों में तस्करी करने की जानकारी मिली तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कहा कि उपलब्ध खाद को किसानों के मध्य उनकी कृषि जोत, फसल के अनुसार एवं आधारकार्ड के आधार पर वितरित किया जाए। केंद्रों पर विक्रय रजिस्टर पर किसान व उसके पिता का नाम, गांव का नाम, श्रेणी, कृषित भूमि, खाद का नाम, मात्रा, प्राप्त धनराशि तथा कैश रसीद संख्या एवं तारीख भी लिखा जाए।