व्यवसायी की गोली मारकर हत्या
सुल्तानपुर। दुकान बंद कर सूरापुर बाजार से रविवार देर रात घर लौट रहे बाइक सवार व्यवसायी को बदमाशों ने गोलियों से भून डाला। व्यवसायी की हत्या से सूरापुर बाजार में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी जांच कर रहे हैं।
सूरापुर बाजार स्थित इन्वर्टर की दुकान बंद कर व्यवसायी कृष्णा सिंह (46) रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे बाइक से घर करौंदीकलां क्षेत्र के नागनाथपुुर गांव लौट रहे थे। रास्ते में कादीपुर क्षेत्र के भूपतिपुर गांव के पास बाइक सवार बदमाशों ने कृष्णा सिंह को रोककर गोलियों से भून डाला। गोली लगते ही कृष्णा सिंह बाइक से गिर पड़े। बदमाश फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना कादीपुर कोतवाल अरविंद पांडेय को दी। पुलिस के पहुंचने तक व्यवसायी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कोतवाल ने बताया कि हत्या के पीछे के कारणों का पता नहीं चल सका है। मृतक के परिवारीजनों से जानकारी की जा रही है। कृष्णा सिंह के परिवार में पत्नी मंजू सिंह के साथ दो बेटे विकास सिंह (20) और वैभव (16) है। कृष्णा की हत्या से परिवार में कोहराम मच गया।