सीतापुर। वायरल बुखार का कहर बढ़ता जा रहा है। बुखार की चपेट में आकर एक युवक की जिला अस्पताल में मौत हो गई। आठ बच्चे बुखार के चलते भर्ती कराए गए हैं। महिला वार्ड के सभी बेड फुल हो गए हैं। मरीजों को बेंच पर लिटाकर इलाज कराया जा रहा है। जिले में वायरल फीवर तेजी से पांव पसार रहा है।
कोतवाली देहात इलाके के पीरनगर निवासी लल्लू (38) को तेज बुखार के कारण जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान शनिवार को इनकी मौत हो गई। आठ बच्चे बुखार के चलते अस्पताल में भर्ती कराए गए है। इनमें कमलापुर इलाके के अभिषेक (8), नयागांव इमलिया सुल्तानपुर इलाके की नंदिनी (7), शहर के नूर आलम (3), निधि (3), नीलम (3), मिश्रिख इलाके के प्रभु (5), सकरन के अनुज (3) व हरिहरपुर कमलापुर के अभिषेक (8) को भर्ती कराया गया है।
मरीजों की बढ़ती तादाद को देखते हुए महिला वार्ड के सभी बेड फुल हो गए है। मरीजों के तीमारदारों को बैठने के लिए डाली गई बेंचों पर मरीज भर्ती होने को मजबूर हैं। इससे मरीजों को इलाज कराने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
फिर गुल हुइ बिजली, परेशान हुए मरीज
जिला अस्पताल में शनिवार को करीब 20 मिनट बिजली गुल रही। दोपहर बाद करीब चार बजे अस्पताल की एकाएक बिजली चली गई। इससे पूरे अस्पताल परिसर में अंधेरा फैल गया। हर तरफ मरीज परेशान होने लगे। मौसम भी खराब होने से धूप भी गायब थी। इससे चिकित्सक मोबाइल के टॉर्च की रोशनी में इलाज करते हुए दिखाई दिए। मरीज बिजली आने का इंतजार करते रहे। करीब 20 मिनट बाद आपूर्ति बहाल होने पर मरीजों ने राहत की सांस ली।
अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। इसी वजह से बेड़ों की दिक्कत आ रही है। फिर भी गंभीर मरीजों के लिए बेडों का इंतजाम कर उन्हें भर्ती कराया जा रहा है।
- डॉ. अनिल अग्रवाल, सीएमएस