शामली। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में दीपावली के त्योहारों और शीत ऋतु के दौरान वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए ग्रेडेड रेस्पोंस एक्शन प्लान के तहत डीएम जसजीत कौर ने बैठक ली। उन्होंने जनपद में वायु प्रदूषण के स्तर को नियंत्रित रखने पर जोर दिया।
डीएम ने संबंधित विभागों के अफसरों को वायु प्रदूषण के स्तर को नियंत्रित रखने के दिशा- निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदूषण के फैक्टर मुख्य रूप से निर्माण गतिविधियों से जनित धूल उत्सर्जन, पराली/गार्बेज बर्निंग, बिना पीयूसी वाहनों की रोकथाम, उद्योगों से उत्सर्जित धुएं को नियंत्रित करने के लिए त्वरित कार्रवाई की जाए। संबंधित के विरुद्ध जुर्माना लगाया जाए। स्थानीय निकायों, फायर विभाग द्वारा पानी का छिड़काव कराया जाए। जिससे जनपद की वायु गुणवत्ता को नियंत्रित रखा सके। डीएम ने अधिकारियों को संबंधित सूचनाओं का आदान-प्रदान भी समय करते रहने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ शंभू नाथ तिवारी, एसडीएम सदर संदीप कुमार, एसडीएम कैराना उद्भव त्रिपाठी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से एईई इमरान अली, जेई विपुल कुमार सहित आदि अधिकारी मौजूद रहे।