दीपोत्सव में कलाकारों को सम्मानित करते नगर आयुक्त संतोष शर्मा
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। जिला प्रशासन एवं नगर निगम की ओर से खिरनीबाग रामलीला मैदान में विकास दीपोत्सव मेला का आयोजन किया जा रहा है। इसमें मंगलवार रात को शाहजहांपुर आइडल प्रतियोगिता हुई। इसके सीनियर वर्ग में अपूर्व मिश्रा व जूनियर वर्ग में अविजिता ने शाहजहांपुर आइडल का अवार्ड जीता। दोनों विजेताओं को सारेगामापा फेम गुनतास कौर, बॉलीवुड के गायक अभिजीत घोषाल, डीएम/प्रशासक इंद्र विक्रम सिंह, नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।
जूनियर वर्ग में वेदांश वर्मा फर्स्ट रनरअप व सीनियर वर्ग में प्रज्ज्वल भारद्वाज फर्स्ट रनर अप रहे। इसी वर्ग में शैलेंद्र सिंह ने द्वितीय व आदित्य प्रजापति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में अवंतिका सिंह ने द्वितीय व काव्या गर्ग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में दिल्ली की डॉ. इला शर्मा व कानपुर की डॉ. शोभा सिंह रहीं। कार्यक्रम संयोजन समन्वयक डॉ. कविता भटनागर व सह समन्वयक अतुल अवस्थी ने किया।
कानपुर से सारेगामापा फेम गुनतास कौर व बॉलीवुड के मशहूर गायक अभिजीत घोषाल ने मशहूर गीतों को गाकर लोगों का दिल जीता। साथ ही लोगों की फरमाइश पर दोनों गायकों ने अनेक गीत प्रस्तुत किए। साथ ही नेशनल गर्ल्स इंटर कॉलेज, लीड कान्वेंट, मगन डांस इंस्टीट्यूट पुवायां के बच्चों ने कई कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
गायक गुनतास कौर व गायक कलाकार अभिजीत घोषाल का शॉल ओढ़ाकर व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। दोनों गायकों के गाए हुए गीतों की सराहना की गई। इस दौरान एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी, अपर नगर आयुक्त एसके सिंह, सहायक नगर आयुक्त रश्मि भारती, अंगद गुप्ता, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी आरती सिंह, कवि डॉ. इंदु अजनबी आदि मौजूद रहे।