मीरानपुर कटरा के हुलासनगरा मार्ग पर लगा जाम में फंसे वाहन । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। मीरानपुर कटरा क्षेत्र में लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग में स्थित हुलासनगरा क्रॉसिंग पर लगभग तीन दिन से लगे जाम से लोग परेशान हो गए। रेंग-रेंगकर वाहन निकल रहे हैं। शुक्रवार शाम तक जाम के हालात सामान्य नहीं हो सके हैं। कई किलोमीटर लंबे जाम से निकलने में लोगों को घंटों लग गए।
हुलासनगरा क्रॉसिंग पर लगभग 11 सालों से अधर में लटके ओवरब्रिज के निर्माण की राह देखते-देखते लोग थक गए हैं। रेलवे क्रॉसिंग का फाटक ट्रेन निकलने पर बार-बार बंद हो जाता है। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग जाती है। शुक्रवार को बहगुल नदी के पुल के पास एक ट्रक पलट गया। इससे जाम की समस्या और विकराल हो गई। दोनों ओर इतना लंबा जाम लगा कि लोगों को दो-तीन किलोमीटर की दूरी तय करने में कई घंटे लग गए। हाईवे पर गड्ढों के कारण बड़े वाहन रफ्तार नहीं पकड़ सके। शुक्रवार को भी दिनभर वाहन रेंग-रेंगकर चलते रहे।
बताया जा रहा है कि जाम की स्थिति बुधवार से बनी हुई है। तीन दिन से जाम में परेशान हजारों वाहन चालक जाम में जूझते रहे। दरअसल क्रॉसिंग का फाटक बंद होते ही कई किलोमीटर लंबी वाहनों की लाइन दोनों ओर लग जाती है। फाटक खुलने के थोड़ी देर बाद फिर से ट्रेन आने का समय हो जाता है और फाटक फिर बंद कर दिया जाता है। हाईवे पर गड्ढे और खराब साइड रोड के कारण वाहन रफ्तार नहीं भर पाते और जब तक हुलासनगरा क्रॉसिंग तक पहुंचते हैं तब तक फिर रुकना पड़ जाता है। जाम में समय खराब होने के डर से बड़े वाहन जल्दबाजी में दुर्घटना को भी अंजाम दे देते हैं।
शुक्रवार को जाम लगने पर बरेली से लखनऊ की ओर जाने वाले छोटे वाहन गांव कसरक से होते हुए निकाले गए। वही भारी वाहनों को जैतीपुर होते हुए निकाला गया। इन दोनों रास्तों की सड़क भी जर्जर हो चुकी है। यहां पर वाहनों का बोझ बढ़ने से जाम लग जाता है। फतेहगंज पूर्वी से लेकर मीरानपुर कटरा तक जाम की स्थिति शुक्रवार रात तक बनी रही।
कटरा पुलिस पूरी मुस्तैदी से जाम की समस्या से निपटने के लिए गंभीर रहती है। ट्रैफिक पुलिस भी जाम न लगने देने की कोशिश में रहती है। बार-बार क्रॉसिंग बंद होने के कारण जाम लग जाता है। जब तक ओवरब्रिज का निर्माण नहीं हो जाता, जाम की समस्या से छुटकारा मिलना मुश्किल है।
परमानंद पांडेय, सीओ तिलहर