शाहजहांपुर में भाई दूज पर अपने भाई को मिठाई खिलातीं बहनें । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। दीपावली और गोवर्धन पूजा के बाद शनिवार को भैया दूज धूमधाम से मनाई गई। शुभ मुहूर्त में बहनों ने अपने घर के आंगन में चौक बनाकर भाई के माथे पर स्नेह का टीका लगाया। भाइयों की ओर से उपहार दिए गए।
शनिवार को भैया दूज होने से हर घर में उत्सव जैसा माहौल रहा। सुबह से ही बहनों का अपने भाइयों के घर आना-जाना शुरू हो गया। बहनों ने पहले घर के आंगन में रंगोली सजाकर भैया दूज का विधि विधान से पूजन किया। भाइयों की दीर्घायु के साथ ही उनके जीवन में सुख-समृद्ध के लिए ईश्वर से आराधना की। पूजन के बाद भाइयों के माथे पर टीका लगाया और मिठाई खिलाई। तमाम बहनें भैया को टीका करने मायके पहुंचीं। कुछ लोगों ने खुद बहन के घर जाकर भैया दूज की रस्म निभाई। मेहमानों के स्वागत के लिए घरों में विभिन्न तरह के पकवान बनाए गए। बहनों ने भाइयों को मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया। भाइयों ने भी बहनों के इस स्नेह का सम्मान करते हुए उन्हें नकदी व उपहार देकर रिश्तों को मजबूती प्रदान की।
जेल में बंद भाइयों को बहनों ने लगाया तिलक
शाहजहांपुर। भैया दूज पर बहनों ने जेल में जाकर भाइयों को टीका लगाया। इस दौरान जेल के बाहर जबरदस्त भीड़ रही।
भैया दूज पर जेल प्रशासन ने बंदियों को टीका लगाने के लिए आने वाली बहनें व अन्य परिजनों से मुलाकात कराने की तैयारी कर ली थी। शनिवार सुबह से ही जेल के बाहर की भीड़ इकट्ठा होने लगी थी। बंदियों से मुलाकात में किसी तरह की दिक्कत न हो इसके लिए जेल प्रशासन ने जेल के बाहर मुलाकात हेल्प डेस्क बनाई थी। साथ ही जेल में तैनात उप-कारापाल संजय कुमार शाही, मोनिका राना और रामा देवी के नेतृत्व में तीन टीमें बनाकर कोविड-19 गाइड लाइन का पालन कराते हुए मुलाकात कराने के निर्देश दिए। जेल के बाहर भारी संख्या में आने वालों के लिए 12 पुरुष जेल वार्डर और आठ महिला जेल वार्डर की ड्यूटी लगाई गई। इसके बाद नौ बजे से जेल में बंद बंदियों से आने वाले लोगों की मुलाकात कराना शुरू की गई। छोटे समूहों में बहनों व अन्य परिजनों को जेल के अंदर भाइयों से मिलने के लिए भेजा गया। शाम पांच बजे तक मुलाकात का दौर चलता रहा। जेल के अंदर सामान्य रूप से दो बैच में बंदियों से मुलाकात कराई थी। लेकिन भाई दूज पर अधिक भीड़ होने के कारण बंदियों से 14 बैच में मुलाकात कराई गई। इसमें 892 बंदियों से बहनों समेत 1748 लोगों ने मुलाकात की।