शाहजहांपुर के पीडब्ल्यूडी में किसानों की समस्याओं को लेकर धरना प्रदर्शन करते भारतीय किसान यूनि?
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। खाद, बीज, डीजल, कीटनाशक आदि महंगे होने के बावजूद गन्ना मूल्य में केंद्र सरकार द्वारा पांच रुपये व्रति क्विंटल की मामूली वृद्धि किए जाने से भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के कार्यकर्ता बृहस्पतिवार को भड़क गए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह परिसर में पंचायत कर प्रदर्शन किया और वहीं पर धरना दिया। बाद मेें यूनियन की ओर से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन दिया।
धरना स्थल पर हुई पंचायत को संबोधित करते हुए यूनियन के मंडल अध्यक्ष अजीत सिंह ने कहा कि कई वर्ष बाद गन्ना के समर्थन मूल्य में सिर्फ पांच पैसे किलो की वृद्धि करके किसानों का मजाक बनाया गया। अब प्रदेश सरकार ने फसलों की सुरक्षा के लिए खेतों में ब्लेड और कंटीले तार लगाने वाले किसानों पर पशु क्रूरता निवारण अधिनियम थोपने की तैयारी कर ली है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली की सीमाओं पर किसानों को रोकने के लिए कंटीले तार की बाड़ लगाने का आदेश देने वाले नेताओं पर भी इस अधिनियम के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। रामकृष्ण प्रजापति ने चीनी मिलों से बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान जल्द कराने की मांग की। राजपाल यादव ने ग्रामीण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति खराबियों के शिकंजे में जकड़ी होने से किसानों को फसलों की सिंचाई में परेशानी हो रही है। इस संबंध में विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता को संबोधित एक ज्ञापन अलग से विभाग के सहायक अभियंता को दिया गया। धरना-प्रदर्शन मेें जैनेंद्र सिंह, ओमप्रकाश वर्मा, प्रशांत कुमार, जसविंदर सिंह, कुलदीप सिंह, सत्यपाल सिंह, रमेश कुमार आदि शामिल रहे।