चंदौसी। मंगलवार की रात से रुक-रुक कर बारिश होती रही। बुधवार की सुबह नौ बजे झमाझम बारिश हुई। डेढ़ घंटे की बारिश में शहर तालाब में तब्दील हो गया और हर बाजार व गली-मोहल्लों में जलभराव होने से लोग घरों में कैद होने को मजबूर हो गए। दोपहर करीब बारह बजे पानी उतरने के बाद आवागमन शुरू हो सका। स्टेशन रोड पर जलभराव के चलते आधा दर्जन से अधिक वाहन पानी में बंद हो गए।
मंगलवार की रात से रुक-रुक कर बारिश होने के बाद बुधवार की सुबह हुई झमाझम बारिश से पूरे शहर की सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं। इससे स्टेशन रोड, गोशाला रोड, गोलागंज, फव्वारा चौक, संभल गेट, मोहल्ला कागजी, शक्ति नगर, सुभाष रोड, मुंसिफ मार्ग, सीता रोड, सीकरी गेट, जारई गेट, नखासा, बिसौली गेट सहित अन्य कई क्षेत्रों में जलभराव हो गया है। जलभराव होने पर सड़कें तालाब में तब्दील होती नजर आ रही है। मोहल्ला होली, पंचशील कालोनी, विकास नगर, शक्ति नगर, रामस्वरूप रोड, आवास विकास कालोनी में सड़कों पर भरा गंदा पानी घरों में घुस आया। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सड़कों व गली-मोहल्लों में जलभराव होने से लोग घरों में कैद हो गए। स्टेशन रोड, शक्ति नगर, मुंसिफ मार्ग सहित अन्य स्थानों पर जलभराव से गुजरने के बाद दुपहिया वाहन ई-रिक्शा बंद हो गए। जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
दोपहर 12 बजे सड़कों से पानी उतरने के बाद सड़कों पर आवागमन सुचारुहो सका। मंगलवार की सुबह से बुधवार की सुबह साढ़े आठ बजे तक 11.5 एमएम बारिश होना दर्ज की गई।