रामपुर। चीनी मांझे का प्रयोग न करने और इसकी बिक्री करने वालों पर कार्रवाई की मांग के साथ भारतीय किसान यूनियन अंबावता के कार्यकर्ताओं ने जागरूकता रैली निकाली।
जागरूकता रैली को संगठन के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहम्मद हनीफ वारसी ने गांधी समाधि से झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद जिला संयोजक हारून खान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नगर के विभिन्न इलाकों में जागरूकता रैली निकाली। रैली गांधी समाधि चौराहे से स्टेट बैंक चौराहा, राजद्वारा, मिस्टन गंज, किला पश्चिमी गेट, चौकी चौराहा से शुतरखाना चौराहा, थाना गंज के सामने से होकर कोतवाली मार्ग से हाथीखाना चौराहा पहुंची। यहां से शाहबाद गेट से होते हुए ज्वाला नगर अजीतपुर चौराहे पर समाप्त हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने शहर वासियों से अपील की कि चीन मांझे का प्रयोग न करें। साथ ही चीनी मांझा बेचने वाले की शिकायत पुलिस से करें, जिससे उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई हो सके। कहा कि चीनी मांझे से होने वाले हादसे में किसी की भी जान जाने पर हत्या के आरोप में संबंधित दोषी के खिलाफ कार्रवाई हो। इस दौरान प्रदेश सचिव कामरान खान, हड़ताल सिंह यादव, शाहिम, शकील अहमद, लतीफ अहमद, फिरोज खान, दानिश खान, आदिल खान, आमिर खान, इमरोज खान, आरिफ खान, वसी खान, फरीद अहमद, बब्बू खान आदि शामिल रहे।