रामपुर। सपा सांसद आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम के दो पासपोर्ट मामले में बुधवार को कोर्ट में वादी आकाश सक्सेना से जिरह पूरी हो गई। इस मामले में कोर्ट ने अब 20 सितंबर की तारीख नियत की है।
अब्दुल्ला आजम के दो पासपोर्ट मामले में भाजपा के लघु उद्योग प्रकोष्ठ के पूर्व क्षेत्रीय संयोजक आकाश सक्सेना ने सिविल लाइंस थाने में जुलाई 2019 में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सिविल लाइंस थाने में दर्ज इस मुकदमे में पुलिस कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। इस मामले में एमपी-एमएलए कोर्ट में प्रक्रिया चल रही है। जिसमें अब्दुल्ला आजम पर आरोप तय हो चुके हैं। मामले में सोमवार 13 सितंबर से लगातार कोर्ट में जिरह की प्रक्रिया चल रही है। बुधवार को भी कोर्ट में जिरह हुई, जिसमें वादी से जिरह पूरी हो गई है। वादी आकाश सक्सेना के अधिवक्ता संदीप सक्सेना ने बताया कि वादी आकाश सक्सेना से जिरह की प्रक्रिया बुधवार को पूरी हो गई है। जिला सहायक शासकीय अधिवक्ता रामऔतार सिंह सैनी ने बताया कि वादी से जिरह की प्रक्रिया पूरी हो गई है और अब कोर्ट ने मामले में अगली तारीख 20 सितंबर निर्धारित की है।