फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दुबई में पैदा हुई बच्ची का रामपुर में जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज

विज्ञापन
विज्ञापन
रामपुर। दुबई में पैदा हुई बच्ची का रामपुर में जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के मामले में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी डा. विवेकानंद गंगवार ने शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विज्ञापन

नगर निवासी अब्दुल सलाम नामक व्यक्ति ने जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ से फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनवाने की शिकायत की थी। डीएम ने जांच अपर जिलाधिकारी प्रशासन जगदंबा प्रसाद गुप्ता को सौंप दी, जिसके बाद एडीएम ने जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान सामने आया कि मोहल्ला बजरिया झब्बू खां निवासी मोहम्मद रेहान ने रुसदा रेहान खां के जन्म प्रमाण पत्र के लिए पालिका में आवेदन किया था। इस आवेदन के बाद खाद्य एवं सफाई निरीक्षक ने जांच की। उन्होंने शहर के एक निजी अस्पताल के जन्म प्रमाण पत्र के आधार पर स्वीकृति के लिए जन्म प्रमाण पत्र का आवेदन अग्रसारित कर दिया, जिसके बाद बच्ची का जन्म प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया था। जांच के दौरान इस बारे में जब ईओ ने निजी अस्पताल प्रबंधन से जानकारी ली, तो पता लगा कि अस्पताल में रेहान खां की पुत्री रुसदा रेहान खां का जन्म नहीं हुआ है। जांच रिपोर्ट के अनुसार रेहान खां ने अपने बयान में यह स्वीकार भी कर लिया, जिसमें उन्होंने कहा कि उनकी पुत्री का नाम रुसदा रेहान खां न होकर हदीजा रेहान खां है और उसका जन्म दुबई में हुआ था। जिससे फर्जीवाड़ा कर जन्म प्रमाण पत्र बनवाने की पुष्टि हो गई। एडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अगस्त माह में इस प्रकरण में रिपोर्ट दर्ज कराने, खाद एवं सफाई निरीक्षक के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने एवं मुख्य खाद्य एवं सफाई निरीक्षक टीपी सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी करने की संस्तुति की थी। इसके बाद पालिका द्वारा जन्म प्रमाण पत्र निरस्त कर दिया गया था। अब मामले में रेहान खां के खिलाफ शहर कोतवाली में आईपीसी की धारा 420 (धोखाधड़ी), 467, 468 ( कूटरचित दस्तावेज को छल के लिए प्रयोग करने के आशय से कूटरचना करना), 471 (कूटरचित इलेक्ट्रॉनिक अभिलेख का उपयोग करना) में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कोतवाली थाना प्रभारी तेजवीर सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें