प्रेमी से बात कर रही इंटर की छात्रा को उसके परिजनों ने मोबाइल छीनकर फटकार लगाई तो उसने कुएं में छलांग लगा दी। घरवालों ने उसे कुएं से बाहर निकालने के बाद जमकर पीटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में छात्रा को भर्ती कराया। फतनपुर थाना के रामपुर बाजार की एक इंटर की छात्रा सोमवार की देर रात चोरी से फोन पर अपने प्रेमी से बात कर रही थी। इस बीच परिजनों को इसकी जानकारी हो गई। गुस्से में आए घरवालों ने उसके हाथ से मोबाइल छीन लिया और जमकर फटकार लगाई। इससे क्षुब्ध होकर छात्रा ने दरवाजे के सामने स्थित कुएं में छलांग लगा दी।
इससे हड़कंप मच गया। उसे बचाने के लिए एक युवक कुएं में कूद गया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो कुएं से उसे निकालकर बाहर ले आते समय रस्सी टूट गई। इससे छात्रा व उसे निकालने वाला युवक दोनों फिर से कुएं में चले गए। थोड़ी देर बाद दूसरी रस्सी फेंकी गई। तब जाकर दोनों बाहर निकले। घटना से गुस्साए घरवालों ने भीड़ के सामने ही छात्रा की पिटाई शुरू कर दी। इस बीच किसी ने फतनपुर पुलिस को घटना की जानकारी दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस छात्रा को परिजनों थाने उठा ले गई। जहां छात्रा को स्थानीय स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया। हालत में सुधार होने के बाद पुलिस ने परिजनों को फटकार कर उनके साथ छात्रा को घर भेज दिया।