बिलसंडा। सीडीओ प्रशांत कुमार ने ग्राम पंचायतों में बन रही अस्थायी गोशालाओं का औचक निरीक्षण किया। सचिव को निर्माण कार्य में तेजी लाने को निर्देश दिए। इसके साथ ही ब्लॉक में संचालित गोशालाओं की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।
आवारा पशुओं से निजात के लिए सरकार द्वारा ग्राम पंचायतवार गोशाला का निर्माण कार्य कराना शुरू कर दिया है। ब्लॉक में पहले दियूरियाकला और करेली में बड़ी गोशाला का निर्माण कराया जा चुका है। सिंधौराखरगपुर और रामपुर बकैनिया में अस्थायी गोशाला बन चुकी है। उसी तर्ज पर गांव नगरिया तिलागिरि, तिलसंडा हसौआ और विलासपुर में 11 लाख की लागत से अस्थाई आश्रय स्थल गोशाला का निर्माण कराया जा रहा है। बुधवार को सीडीओ प्रशांत कुमार ने निर्माणाधीन तीनों गोशाला के निर्माण कार्य को देखा। ग्राम सचिवों को कार्य में तेजी और गुणवत्ता से कार्य करने के निर्देश दिए। कहा कि शीतकालीन शुरू होने से पूर्व ही इस कार्य को पूर्ण कराया जाए। ताकि शासन की मंशा के अनुरूप गोवंशों को आश्रय स्थल मिल सकें।