पुलिस मुठभेड़ में घायल बदमाश लंबू
- फोटो : Amar Ujala Muzaffarnagar
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में शुक्रवार सुबह बुढ़ाना में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक लाख के इनामी आशु उर्फ लंबू को गिरफ्तार कर लिया। बताया गया कि उस पर विभिन्न मामलों में 40 से भी ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी है। घायल बदमाश को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है जहां उस उपचार दिलाया जा रहा है, अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं।
बुढ़ाना थानाक्षेत्र में आज सुबह मेरठ करनाल हाईवे की बायवाला पुलिस चौकी के पास नहर पुलिया पर एसटीएफ व पुलिस टीम की मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान बदमाश के कब्जे से पिस्तौल कारतूस व चोरी की बाइक बरामद हुई है।
इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि घायल बदमाश मेरठ जनपद के सरधना का रहने वाला आशु उर्फ लंबू है। उसके खिलाफ अलग-अलग घटनाओं में 40 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। डकैती की एक घटना में उस पर एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया जा चुका है। घायल बदमाश को कस्बे की सीएचसी पर भर्ती करवाया गया है। जहां उसका उपचार किया जा रहा है, अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं।