- बांग्लादेश की समस्या और निवारण पर हुई प्रतियोगिता
फोटो
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्यालय मंदिर इंटर कॉलेज में बांग्लादेश की समस्या का कारण, निवारण विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता कराई गई। लाला जगदीश प्रसाद के छात्र कुशाग्र शर्मा ने प्रथम, भागवंती विद्यालय की छात्रा अवनी गौतम ने द्वितीय और जेवी पब्लिक स्कूल के छात्र पारस जैन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
शुभारंभ मुख्य अतिथि सेवानिवृत अभियंता विष्णुदत्त शर्मा और प्रधानाचार्य डॉ. अखिलेश शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। संयोजक पंकज त्यागी ने प्रतियोगिता के विषय की विस्तार से जानकारी दी। एसडी पब्लिक स्कूल की छात्रा एंजेल वर्मा ने बांग्लादेश में उत्पन्न समस्या के लिए वहां की तत्कालीन सरकार को ही जिम्मेदार ठहराया। मौजूदा हालात का सामना करने के किए सभी देशों को मिलकर ठोस कदम उठाना चाहिए।
लाला जगदीश प्रसाद के छात्र कुशाग्र शर्मा ने कहा कि बांग्लादेश में सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत आरक्षण स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के वंशजों के लिए है। इसके विरोध में वहां के छात्र प्रदर्शन पर उतर आए। छात्रों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन में वहां के कट्टरपंथी संगठन ने प्रदर्शन में शामिल होकर प्रदर्शन को उग्र बना दिया। निर्णायक सेवानिवृत अभियंता विष्णुदत्त शर्मा और शिक्षक महेश कुमार रहे। प्रबंधक देवेंद्र कुमार गर्ग ने प्रतिभागियों की सराहना की। इस मौके पर कुंवरपाल सिंह, पंकज त्यागी, डॉ. वंदना शर्मा मौजूद रहीं।