दुकानदारों के बीच हुई मारपीट में चाकू लगने से घायल दिलशाद
- फोटो : DEVBAND
देवबंद (सहारनपुर)। नगर के मेन बाजार में ग्राहक को लेकर रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान चलाने वाले दो दुकानदारों के बीच चाकूबाजी हो गई। जिसमें दो भाई चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें सरकारी अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
मोहल्ला पठानपुरा रेती चौक निवासी नौशाद और मोहल्ला किला निवासी इस्लाम की मेन बाजार स्थित कोतवाली के सामने ढाल पर आमने सामने रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान हैं। बुधवार रात्रि ग्राहक बुलाने को लेकर उनके बीच कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते दोनों पक्ष लाठी डंडे लेकर एक दूसरे पर हमलावर हो गए। इस बीच उनके बीच चाकू भी चले। चाकू से किए गए हमले में नौशाद और बचाव को आया उसका भाई दिलशाद गंभीर रूप से घायल हो गए। जिससे बाजार में अफरा तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल नौशाद व दिलशाद को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने नाजुक हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया। चाकू पेट के पास आरपार होने की वजह से दिलशाद की हालत गंभीर बनी हुई है। घायल नौशाद का आरोप है इस्लाम और उसके बेटे दुकान पर आने वाले ग्राहकों को अपनी दुकान पर बुला लेते हैं। कई बार उन्हें ऐसा करने से मना किया। लेकिन वह नहीं माने। बुधवार को भी दुकान बंद करने के दौरान उन्होंने ऐसा ही किया। जब उसने इसका विरोध किया तो चाकुओं से उस पर और भाई दिलशाद पर जानलेवा हमला किया गया।
सीओ रजनीश उपाध्याय का कहना है दोनों पक्षों के कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। घायल के बेटे अलतमश की तहरीर पर इस्लाम, जावेद और शीबू के विरुद्ध हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर इस्लाम को जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिश जारी है।
सरकारी अस्पताल में उपचाराधीन घायल नौशाद- फोटो : DEVBAND