रामराज। गांव लालपुर रहड़वा में शनिवार देर रात रामराज थाने के तीन पुलिसकर्मियों को बंधक बनाए जाने के मामले में ग्रामीणों ने गांव में पंचायत कर सीओ के नाम तहरीर एसओ को सौंपकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
थाना क्षेत्र के गांव लालपुर रहड़वा में शनिवार देर रात मेडिकल स्टोर संचालक की दुकान के काउंटर में अपनी तरफ से कारतूस रखने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने थाने के तीन पुलिसकर्मियों को बंधक बना लिया था। ग्रामीणों ने बंधक पुलिसकर्मियों की वीडियो एसएसपी अभिषेक यादव को भेजकर मामले से अवगत कराया था, जिस पर एसपी देहात अतुल श्रीवास्तव व सीओ जानसठ शकील अहमद ने गांव में पहुंचकर ग्रामीणों से वार्ता कर पुलिसकर्मियों को बंधनमुक्त कराया था।
मामले को लेकर रविवार को गांव में ग्राम प्रधान अमरदीप के आवास पर ग्रामीणों की पंचायत हुई, जिसमें भाजपा नेता अमित राठी व भाकियू नेता समर सिंह चौधरी भी मौजूद रहे। सूचना पर एसओ अक्षय शर्मा भी पंचायत में पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता की। ग्रामीणों ने एसओ अक्षय शर्मा से पुलिसकर्मियों पर ग्रामीणों को फर्जी मुकदमों में फंसाने की धमकी देकर अवैध उगाही करने का आरोप लगाया। बाद में सीओ जानसठ को संबोधित तहरीर एसओ को सौंपकर ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसओ ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत किया।