मुजफ्फरनगर। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से शहर के श्रीराम कॉलेज में 14 जून को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। स्वामी कल्याण देव जिला चिकित्सालय के रक्तकोष प्रभारी डॉ. पीके त्यागी ने बताया कि विश्व रक्तदाता दिवस पर शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
जिला स्वास्थ्य विभाग और श्रीराम कॉलेज के सहयोग से सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक कैंप का आयोजन किया जाएगा। डीएम चंद्रभूषण सिंह शिविर का उद्घाटन करेंगे और विशिष्ट अतिथि एसएसपी अभिषेक यादव होंगे। रक्तदाताओं को प्रमाण पत्रों का वितरण कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, खतौली विधायक डॉ. विक्रम सैनी, पुरकाजी सुरक्षित सीट से रालोद विधायक अनिल कुमार, बुढ़ाना के रालोद विधायक राजपाल बालियान, चरथावल विधायक पंकज मलिक, मीरापुर से विधायक चंदन चौहान करेंगे।
रक्तदान से मिलता है बेहतर स्वास्थ्य : त्यागी
ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. पीके त्यागी का कहना है कि रक्तदान करने वाला व्यक्ति स्वस्थ रहता है। कैंसर जैसी बीमारियों से छुटकारा मिलता है। रक्तदान से ब्लड प्रेशर सही रहता है और रक्तदान करने से किसी तरह का नुकसान नहीं है।
जानिए, रक्तदान के फायदे
- रक्तदान से किसी की जान बचाई जा सकती है।
- रक्त का कोई विकल्प और कहीं उत्पादन नहीं होता।
- शरीर के वजन का सात प्रतिशत हिस्सा खून होता है।
- ब्लड डोनेशन से हार्टअटैक की संभावना घट जाती है।
- ब्लड डोनेशन से शरीर के विषैले पदार्थ भी बाहर निकल जाते हैं।
रक्तदान के लिए यहां करें संपर्क
रक्तदान करने या शिविर को लेकर किसी अन्य जानकारी के लिए अमर उजाला के मोबाइल नंबर 8954893110 पर संपर्क कर सकते हैं।