कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव इमरान मसूद के बयान ने एक बार फिर सियासी सरगर्मियां बढ़ा दी हैं।उन्होंने एक चैनल को दिए बयान में सपा को विपक्षी पार्टी के रूप में सबसे मजबूत बताया है। वहीं उनके इस बयान के बाद सियासी अटकलें तेज हो गई हैं।
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव इमरान मसूद के बयान ने एक बार फिर सियासी अटकलों को हवा दी है, जो उनके सपा में जाने को लेकर लगाई जा रही हैं। चर्चा काफी दिन से चल रही है कि इमरान मसूद समाजवादी पार्टी के नेताओं के संपर्क में हैं। हालांकि उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह पूरी निष्ठा के साथ कांग्रेस में हैं, सपा में जाने की चर्चा उनके विरोधी फैला रहे हैं।
विज्ञापन
दरअसल, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव इमरान मसूद ने एक टीवी न्यूज चैनल के संवाददाता से बातचीत के दौरान बयान दिया कि प्रदेश में सपा बड़ी विपक्षी पार्टी है जो बीते विधानसभा चुनाव के परिणाम से जाहिर है।
उन्होंने कहा कि भाजपा को हराना हमारा मकसद है, उसके लिए अन्य दलों का साथ लेने और साथ देने में गुरेज नहीं है। उन्होंने यह भी कह दिया कि भाजपा को हराने में सपा सक्षम है, लेकिन सपा को बड़ा दिल दिखाते हुए अन्य विपक्षी दलों को साथ लेना होगा। इसी बयान को लेकर चर्चा फैल गई कि इमरान मसूद ने सपा की तारीफ की है, जिससे उनका झुकाव सपा की तरफ दिख रहा है।
वहीं, इमरान मसूद का कहना है कि उन्होंने बीते चुनाव परिणाम का हवाला दिया है, सपा की तरफ झुकाव या कांग्रेस को कमतर उन्होंने नहीं आंका है। बल्कि उन्होंने कहा कि सपा मुख्य विपक्षी पार्टी है। सपा की जिम्मेदारी है कि सबको साथ लेकर भाजपा को शिकस्त दे।