हादसे में चौकीदार की मौत के बाद तीन घंटे हाईवे जाम
सरूरपुर। मेरठ-करनाल हाईवे पर हादसे में चौकीदार की मौत हो गई। नाराज ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। पुलिस के देरी से पहुंचने पर हंगामा किया। करीब तीन घंटे तक हाईवे जाम रहा। एसडीएम सरधना और सीओ ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
एपीएस कॉलेज के चौकीदार भूनी गांव निवासी संजय (45) पुत्र सतीश मंगलवार सुबह ड्यूटी खत्म कर साइकिल से घर लौट रहा था। जैसे ही वह गांव के सामने पहुंचा तो मेरठ की ओर से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद सैकड़ों ग्रामीण एकत्र हो गए और जाम लगा दिया। ग्रामीणों का कहना था कि पुलिस हादसे के दो घंटे बाद मौके पर पहुंची है। ग्रामीण डीएम और एसएसपी को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ गए। एसडीएम सरधना अमित कुमार भारतीय और सीओ आरपी शाही मौके पर पहुंचे और मुआवजे का आश्वासन दिया। करीब तीन घंटे बाद ग्रामीण शांत हुए और जाम खोल दिया। जाम के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लगी रही।
एक भाई की कोरोना से हो चुकी मौत
जिला पंचायत सदस्य अनिकेत त्यागी मौके पर पहुंचे। बताया कि करीब दो माह पूर्व सतीश के सबसे छोटे बेटे दीपक शर्मा की कोरोना के चलते मौत हो गई थी। परिवार इस दुख से उबरा भी नहीं था कि हादसे ने बड़े बेटे संजय को भी परिवार से छीन लिया। बेटे की मौत का पता लगते ही सतीश व उनकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था। इस दौरान कई बार संजय की मां बेहोश भी हुई।