मधुबन थाना क्षेत्र के नेवादा गोपालपुर गांव में शनिवार को एक व्यक्ति ने अपनी साली का गला रेतकर हत्या का प्रयास किया। चीखने चिल्लाने पर मौके पर पहुंचकर लोगों ने किसी प्रकार उसकी जान बचाई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। पीड़िता के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
थाना क्षेत्र अंतर्गत हैबतपुर निवासी 50 वर्षीय रामधनी पुत्र भुटेलु की पत्नी कुछ समय पहले मर गई। रामधनी के साली की शादी इसी थाना क्षेत्र के नेवादा गोपालपुर में हुई है। शुक्रवार की शाम रामधनी नेवादा गोपालपुर अपने साली के घर गया हुआ था।
साली मीना का पति भी कुछ समय पहले मर चुका है। मीना के घर वालों की माने तो रामधनी रात में लगभग तीन बजे मीना के पास किसी तरह पहुँच गया और हँसिया से उसका गला रेतना शुरू किया। उसकी चीख सुनकर घर के लोग जग गए और शोर मचाना शुरू किया।
शोर सुनकर गांव के लोग पहंुच गए। ग्रामीणों ने रामधनी की जमकर धुनाई की और मीना को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर लाया गया जहाँ उसकी गम्भीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस संबंध में मीना के भाई रामकेवल ने रामधनी के विरुद्ध हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया है।