पर्यटन की संभावनाओं को लेकर डीएम ने किया देवदह का निरीक्षण
- डीएम ने लक्ष्मीपुर ब्लॉक के ग्राम देवदह का किया निरीक्षण, जिम्मेदारों को दिया दिशानिर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले में पर्यटन की संभावनाओं को धरातल पर उतारने तथा उद्योगों व व्यवसाय को प्रोत्साहित करने को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने लक्ष्मीपुर ब्लॉक के देवदह का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध पुरातात्विक अवशेष व पोखरे को देखा तथा सुविधाओं को विकसित किए जाने को लेकर चकबंदी विभाग के जिम्मेदारों को शीघ्र चकबंदी करने के लिए निर्देशित किया।
उन्होंने ग्राम प्रधान को भी देवदह स्थल का सुंदरीकरण कराने को कहा। यह भी निर्देशित किया कि सुधार के दृष्टिगत उन्हें जहां कहीं भी प्रशासन की आवश्यकता पड़े वे मामले को सज्ञान में लाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बुद्ध के ननिहाल के रुप में चर्चित देवदह को बढ़ावा दिए जाने से जिले के विकास को भी रफ्तार मिलेगी। होटल, रेस्तरा व काटेज इंडस्ट्री इसमें प्रमुख हैं। उन्होंने इच्छुक उद्यमियों को इस क्षेत्र में आगे बढ़ने को कहा। यह भी कहा कि इसमें रुचि दिखाने वाले लोगों को प्रशासन भरपूर सहयोग प्रदान करेगा। निरीक्षण के दौरान जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
पात्र बच्चों का आवेदन कराएं जिम्मेदार
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने प्रधानमंत्री केयर्स फार चाइल्ड योजना के तहत अनाथ हुए बच्चों को लाभान्वित कराने को लेकर जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सभी 18 वर्ष उम्र तक के बच्चे जिनके माता-पिता दोनों अथवा किसी एक की मौत 11 मार्च 2020 से 31 दिसंबर 2021 के बीच हुई होगी वे ही इस योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए अर्ह होंगे। डीएम ने बाल सेवा योजना पर चर्चा करते हुए जिला बाल संरक्षण समिति की बैठक भी नियमित रुप से कराए जाने का निर्देश दिया। इस दौरान डीसी त्रिपाठी, श्याम सिंह, सत्यभामा तिवारी, मनीष पांडेय, अनुपम श्रीवास्तव, आनंद मोहन श्रीवास्तव, जकी अहमद, मनोज कुमार श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।