ललितपुर। थाना जाखलौन अंतर्गत ग्राम पटौराखुर्द में ग्रामीण ने अपने ही खेत पर फांसी लगाकर जान दे दी। जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसके चाचा ने बताया कि वह एक मामले में दो माह बाद जेल से बाहर आया था। उसकी विपक्षियों से राजीनामा की बात हुई, लेकिन उन्होंने राजीनामा से इंकार कर दिया था, जिससे वह परेशान चल रहा था और इसी वजह से उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर दी है।
थाना जाखलौन अंतर्गत ग्राम पटौराखुर्द निवासी पार सिंह (32) पुत्र कोमल सिंह लोधी के खिलाफ तीन माह पहले एक मुकदमा दर्ज कराया गया था, जिसमें वह दो माह से जेल में बंद था और कुछ ही दिन पहले वह जमानत पर बाहर आया था। सोमवार की रात में उसने खेत पर पेड़ पर तौलिया से फांसी लगाकर जान दे दी। अगले दिन सुबह जब परिजन खेत पर पहुंचे तो वहां पर वह फांसी पर लटका मिला। जानकारी मिलने पर जाखलौन पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चाचा श्रीलाल ने बताया कि पार सिंह की मुकदमा में राजीनामा को लेकर विपक्षियों से बातचीत हो रही थी, लेकिन विपक्षियों ने राजीनामा करने से मना कर दिया। इस पर उसे मुकदमा में फिर से जेल जाने का डर था। उसने आशंका जताई कि इसी वजह से उसने फांसी लगाकर जान दे दी। उसके बेटियां व एक बेटा है और वह तीन भाई व एक बहन में दूसरे नंबर का था।