संवाद न्यूज एजेंसी
गुरवलिया बाजार। क्षेत्र के विजयपुर उत्तर पट्टी से ठाढ़भार गांव के टोला इन्नरपट्टी को जोड़ने वाली सड़क आज भी कच्ची है। इस गांव के बीच से निकली झरही नदी पर पुल भी नहीं है। इससे गांव के लोगों को आने-जाने में असुविधा होती है। सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर लगे बारिश के पानी में प्रदर्शन कर सड़क और निर्माण कराने की मांग की।
प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे कांग्रेस नेता डॉ. विनोद कुमार यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का वादा किया था। सड़क गड्ढ़ा मुक्त करने की बात कौन कहे अभी तक कई सड़कों और पुल का निर्माण ही नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि विजयपुर उत्तर पट्टी से ठाढ़ीभार गांव के इन्नरपट्टी टोला को जोड़ने वाली सड़क आज भी कच्ची है। इससे बरसात के दिनों में सड़क पर पानी एकत्र हो जाता है। इस सड़क के रास्ते में पड़ने वाली झरही नदी पर पुल का निर्माण भी नहीं हो सका है। इससे गांव के लोगों को आने-जाने में परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने चेताया कि यदि इस सड़क और झरही नदी पर पुल का निर्माण शीघ्र नहीं किया गया तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान धर्मेंद्र सिंह, रविंद्र सिंह, विकास गुप्ता, राज किशोर गौड़, साधु, रुदल खरवार, अच्छेलाल प्रसाद, वीरेंद्र पासवान, नवनीत सिंह आदि मौजूद रहे।