स्थानीय कोतवाली के सामने बुधवार शाम कार सवार महिला ने सराफ की दुकान से एक लाख रुपये की कीमत का लॉकेट पार कर दिया। महिला ने दुकानदार को झांसा देकर लॉकेट कार में बैठे अपने परिजनों को दिखाकर आने की बात कहकर फरार हो गई। ठगी के शिकार दुकानदार ने मामले की शिकायत पुलिस से की है।
उलाचूपुर गांव निवासी रामनिहोर सोनी सराफा की दुकान की है। उनकी दुकान कोखराज कोतवाली के सामने इक्का-तांगा स्टैंड के बगल है। बुधवार शाम करीब चार बजे कानपुर की तरफ से कार से आई एक महिला दुकान के सामने रुकी। महिला ने दुकानदार से पायल और टाप्स दिखाने को कहा। रामनिहोर ने उसे टाप्स व पायल दिखाया तो उसने एक-एक सेट पसंद करके पैसा जोड़ने को कहा। इस बीच महिला ने लॉकेट दिखाने के लिए भी कहा।
रामनिहोर ने लॉकेट दिखाया तो महिला ने सोने के करीब दो तोला वजन का लॉकेट पसंद किया और उसे कार में बैठे अपने परिजनों को दिखा कर आने की बात कही। इसके बाद महिला कार में बैठी गई। रामनिहोर जब तक कुछ समझ पाता, कार सवार तेज रफ्तार में प्रयागराज की ओर भाग निकला। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है।