सिराथू (कौशाम्बी)। भतीजी की शादी से वापस लुधियाना जाते समय बृहस्पतिवार की सुबह सड़क हादसे में फूलपुर (इलाहाबाद) के रहने वाले केमिकल व्यापारी प्रेमचंद्र पांडेय और उनकी पत्नी वंदना पांडेय की मौत हो गई। कौशाम्बी के सैनी इलाके में उनकी कार नीलगाय से टकराने के बाद बेकाबू होकर सड़क किनारे गहराई में जा गिरी। हादसे में कार में मौजूद उनके बेटा और भतीजा भी घायल हो गए। इन दोनों की भी हालत गंभीर बनी हुई है। जिन्हें पुलिस ने इलाहाबाद के एक निजी हास्पिटल में भर्ती कराया है।
इलाहाबाद की फूलपुर कोतवाली के दूबेपुर गांव निवासी प्रेमचंद्र पांडेय पुत्र सागरनाथ पांडेय लुधियाना (पंजाब) में केमिकल का कारोबार करते थे। वहीं कई साल से परिवार समेत रहते भी थे। अभी 30 नवंबर को गांव में उनके बड़े लालचंद्र की बेटी नीतू की शादी थी। इसी शादी में शामिल होने वे पत्नी, बच्चों के साथ आए थे।
परिवारिक सूत्रों के मुताबिक बुधवार की देर रात वे लुधियाना जाने के लिए अपनी कार से निकले थे। इधर, बृहस्पतिवार की सुबह करीब चार बजे जैसे ही इनकी कार सैनी कोतवाली क्षेत्र के चक मानिकपुर सैयदराजे गांव के समीप पहुुंची। बताया जाता है कि अचानक कार के सामने नीलगाय आ गई। उन्होंने नीलगाय से टक्कर बचाने के लिए कार में ब्रेक लगाया। इससे तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकराते हुए खेत में पलट गई।
हादसे में कार चला रहे प्रेमचंद्र पांडेय (50) के साथ ही उनकी पत्नी वंदना पांडेय (45) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं कार में बैठा बेटा प्रिंस पांडेय (22) और भतीजा लकी पांडेय (26) पुत्र दिनेशचंद्र पांडेय भी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा देख राहगीरों में हड़कंप मच गया। सूचना पर आई इलाकाई पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार से सभी को बाहर निकाला।
प्रिंस और लकी की सांसें चलती देख पुलिस ने दोनों को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। जहां उनकी हालत नाजुक देख डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद इलाहाबाद रेफर कर दिया है। दोनों को इलाहाबाद के एक निजी हास्पिटल में भर्ती कराया है। वहीं हादसे की जानकारी घरवालों को देते हुए पुलिस ने पति-पत्नी के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सड़क हादसे में परिवार के दो-दो लोगों की मौत से कोहराम मचा हुआ है।