चौबेपुर के एक गांव में मंगलवार रात गर्भवती अविवाहित युवती (20) की गला दबाकर हत्या कर दी गई। घटना को खुदकुशी दिखाने के लिए शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया गया। बुधवार को जब शव का पोस्टमार्टम हुआ तब हत्या की पुष्टि हुई। पुलिस की शुरुआती जांच में ऑनर किलिंग के साक्ष्य मिले हैं। घटना के बाद से पिता और भाई फरार हैं।
युवती के परिजनों ने बुधवार सुबह पुलिस को सूचना दी कि उनकी बेटी ने फांसी लगाकर उखुदकुशी कर ली है। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। देर शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि युवती करीब आठ महीने की गर्भवती थी। उसकी हाथों से गला दबाकर हत्या की गई है। हत्या करने के बाद उसको फंदे पर लटकाया गया था। जिससे घटना हत्या के बजाय आत्महत्या लगे।
पुलिस को जमीन पर मिला था शव
चौबेपुर इंस्पेक्टर केएम राय ने बताया कि पुलिस जब मौके पर पहुंची थी तो युवती का शव जमीन पर पड़ा था। फांसी का फंदा लटक रहा था। परिजनों ने बताया था कि मंगलवार देर रात बेटी ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। मगर अब जब पीएम रिपोर्ट से हत्या की पुष्टि हुई है तो पुलिस अब मामले में एफआईआर दर्ज करेगी।
ऑनर किलिंग का शक, कई साक्ष्य मिले
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक युवती का गला हाथों से दबाया गया था। अंगुलियों के निशान भी मिले हैं। पुलिस अफसरों का कहना है कि चूंकि युवती गर्भ से थी। वह शादीशुदा नहीं थी। वहीं हत्या को आत्महत्या दर्शाने का प्रयास किया जाना ऑनर किलिंग की तरफ इशारा कर रहा है। कई अहम साक्ष्य मिले हैं। जिसके आधार पर तहकीकात की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले में कार्रवाई की जाएगी। जो भी संदिग्ध हैं, उनसे पूछताछ की जा रही है। जल्द वारदात का खुलासा किया जाएगा।
अजीत सिन्हा, एसपी आउटर