झांसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टीका लगवाने वाले किशोरों को टीके के दिन और अगले दिन अवकाश देने के निर्देश दिए हैं। ताकि, वे पूरी तरह से आराम कर सकें और अगले दिन पढ़ाई शुरू करें। ऐसे में झांसी के स्कूलों का कहना है कि वो सीएम के आदेश का पालन करेंगे। बस बच्चों को टीकाकरण कार्ड दिखाना होगा।
प्रदेश में सोमवार से 15 से 18 साल के किशोरों का टीकाकरण शुरू हो गया है। पहले ही दिन सरकार ने बच्चों को टीकाकरण में सहूलियत देते हुए वैक्सीन लगवाने के दिन और अगले दिवस पर छुट्टी देने के निर्देश जारी कर दिए। महात्मा हंसराज स्कूल के प्रबंधक गौरव मिश्रा ने कहा कि मंगलवार तक आदेश प्राप्त होने की संभावना है। मुख्यमंत्री के आदेश का शत-प्रतिशत पालन होगा। बच्चे टीकाकरण के संबंध में पहले जानकारी दे सकते हैं। इसके अलावा टीकाकरण लगवाने के बाद जब स्कूल आएं तो कार्ड दिखाएं। वहीं, ब्लू बेल्स स्कूल के प्रिंसिपल नितिन विलियम्स ने भी कहा कि विद्यार्थियों को वैक्सीन लगवाने के लिए छुट्टी दी जाएगी। उन्होंने भी टीकाकरण कार्ड दिखाने की बात कही है।