झांसी। तकनीकी शिक्षा के दौर में इलेक्ट्रॉनिक्स और कंप्यूटर कोर्स से बेटियां दूर हो रही हैं। हालात यह हैं कि नौ बार काउंसलिंग के बाद भी पॉलिटेक्निक झांसी में कुल 450 सीटों के सापेक्ष महज 226 प्रवेश हुए हैं। साथ ही छह कोर्स में से एक कोर्स तो ऐसा है, जिसमें एक भी दाखिला नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि लगातार आईटी क्षेत्रों से छिन रही नौकरियां और सरकारी क्षेत्रों में नहीं आ रही भर्तियों के कारण युवाओं में इन विषयों को लेकर रुझान कम हो रहा है।
राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में छह कोर्स संचालित किए जा रहे हैं, जिसमें इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल्स, कंप्यूटर साइंस, फैशन टेक्नोलॉजी, आईसी और पीजी डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (पीजीडीसीए) शामिल हैं। जिसमेें दाखिले प्रतिवर्ष घट रहे हैं। हालात यहां तक हैं कि कुछ कोर्स में तो एक भी विद्यार्थी ने दाखिला नहीं लिया। पीजीडीसीए में इस वर्ष मात्र 1 छात्रा ने दाखिला लिया। वहीं इंस्ट्ूमेंटेशन एंड कंट्रोल में एक भी दाखिला नहीं हुआ है। यही हाल इन विषयों में पिछले वर्ष भी रहे थे। अन्य विषयों में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के अलावा किसी भी विषय में पूरी सीट नहीं भर पाई है। जबकि इस वर्ष दाखिले के लिए नौ बार काउंसलिंग प्रक्रिया हुई। प्रथम वर्ष में 226, द्वितीय वर्ष में 214 और तृतीय वर्ष में 253 विद्यार्थी ही हैं।
लगातार बच्चों को इन विषयों से डिप्लोमा कर मिलने वाले अवसरों के बारे में बताया जा रहा है, लेकिन समाज में इन विषयों को लेकर फैली भ्रांति कहीं ना कहीं सीटें खाली रहने की एक वजह है। - एलएस यादव, प्रधानाचार्य, राजकीय महिला पॉलिटेक्निक ।
बोर्ड अब उन विषयों को अंकित कर रहा है जिन विषयों में बच्चों का रुझान कम हो रहा है, इनको बंद कर जल्दी ही नए विषय संचालित किए जा सकते हैं जिनमें बच्चों को भविष्य में लाभ मिल सके। - दिनेश सिंह, संयुक्त निदेशक प्राविधिक शिक्षा।
विषय दाखिले कुल सीट
पीजीडीसीए 1 75
इलेक्ट्रानिक्स 36 75
कंप्यूटर साइंस 54 75
फैशन टेक्नोलॉजी 58 75
इंस्ट्रूमेंटेशन एंड कंट्रोल 0 75
इलेक्ट्रिकल 74 75