झांसी। कोतवाली के पुरानी नझाई इलाके में रहने वाली एक युवती के खाते से साइबर बदमाशों ने 77 हजार रुपये उड़ा दिए। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी लेकिन, पुलिस टालमटोल करती रही। आखिरकार कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को मुकदमा दर्ज कर लिया।
भुक्तभोगी मेघा ने पुलिस को बताया कि 20 अक्तूबर को ऑनलाइन शापिंग के दौरान एक कॉल आई। जालसाज ने तीन हजार का कैश बैक दिलाने के बहाने उनसे पिन नंबर पूछा। उसके बाद उनके खाते से रुपये निकलने लगे। एक के बाद जालसाज ने कुल 77 हजार रुपये निकाल लिए। कुछ देर बाद पैसा निकाले जाने का मेसेज मिलने पर मेघा के होश उड़ गए। उसने तुरंत घटना की सूचना साइबर पुलिस को दी लेकिन, पुलिस ने खाता फ्रीज कराने के बजाए उसे क्राइम ब्रांच भेज दिया। इसके बाद वह क्राइम ब्रांच पहुंची। यहां भी पुलिस ने उसकी कोई मदद नहीं की। वह फिर वापस साइबर थाना पहुंची। इसके बावजूद साइबर पुलिस ने उसकी कोई मदद नहीं की। उसने युवती को कोतवाली भेज दिया। कोतवाली पुलिस ने घटना के 23 दिन बाद जाकर युवती की तहरीर के आधार पर अज्ञात जालसाजों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इंस्पेक्टर कोतवाली के मुताबिक मामले की पड़ताल शुरू कर दी गई है।